← कविता सूची
— कविता —
मुक्ति नाथ त्रिपाठी "मृदुल"
!! दे प्यास, अधर को जल न दिया !!

दे प्यास, अधर को जल न दिया ।

अभिलाषाओं की किस्ती दी,
आगे बढ़ने का साज़ दिया,
पतवार थमा दी हाथों में,
बढ़ने का हर अन्दाज दिया,

दे धार, कभी साहिल न दिया ।
दे प्यास, अधर को जल न दिया ।।

मौसम मधुमास दिया, जिसने
सुमनों का वास दिया जिसने
जिसने, यौवन में रंग भरा,
मन को विश्वास दिया जिसने,

दे चाह, कभी आँचल न दिया ।
दे प्यास, अधर को जल न दिया ।।

पलकों की सपनों की बगिया,
दी, दीपक की हर ज्योति किरण,
नयनों की सेज सुमन की दी,
आकर्षण का सारा बन्धन,

दे रवप्न, नयन-काजल न दिया ।
दे प्यास, अधर को जल न दिया ।।

हो सकूँ खड़ा, आधार दिया ।
हर साहस का संसार दिया,
अंजाम दिया पर उड़ने का,
आश्वासन बारम्बार दिया,

दे हाथ, कभी सम्बल न दिया ।
दे प्यास, अधर को जल न दिया ।।

papaji Photo
← कविता सूची

पाठक टिप्पणियाँ